बदायूं। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर वर्ष की भांति इस बार भी बहनों को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बहनें 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान परिचालक मशीन से टिकट निकालकर बहनों को देंगे, लेकिन उनसे किसी भी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा।बदायूं डिपो के एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान बहनों को बसों में यात्रा करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए डिपो स्तर पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान बसों के संचालन में लगे चालक और परिचालकों के लिए भी निगम की ओर से प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई है। छह दिनों में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक और परिचालक को 12-12 सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, 25 अगस्त से 31 अगस्त तक लगातार डिपो में कार्य करने वाले क्षेत्रीय कार्यालय के तकनीकी कर्मचारियों को एकमुश्त 500 रुपये दिए जाएंगे।रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर चालकों, परिचालकों और डिपो में कार्यरत कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं, ताकि यात्रियों को पर्याप्त बसें उपलब्ध कराई जा सकें। यात्रियों की जानकारी और सहायता के लिए डिपो का इंक्वायरी कार्यालय भी 24 घंटे खुला रहेगा। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए छोटे रूटों पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। डिपो द्वारा चालक-परिचालकों के सहयोग से छोटे रूटों पर नियमित चार फेरों के स्थान पर आठ फेरे लगाए जाने की व्यवस्था की गई है। निगम की तैयारियों से रक्षाबंधन पर बहनों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।