बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने कांग्रेस का जोर, संगठन सृजन अभियान के तहत हुई बैठक
बरेली । कांग्रेस के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत आज स्टेशन रोड स्थित हवेली ग्रीन्स में पूर्व मेयर प्रत्याशी अजय शुक्ला द्वारा महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में मुख्य रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक जयेंद्र रामोला, पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक हाजी इकराम कुरैशी तथा प्रदेश कांग्रेस पर्यवेक्षक अनुप वर्मा उपस्थित रहे। इस दौरान पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार साझा किए।
हाजी इकराम कुरैशी ने कहा कि कांग्रेस का संगठन हमेशा से मजबूत, व्यापक और प्रभावशाली रहा है। संगठन के मामले में कांग्रेस का ढांचा आज भी भाजपा से बेहतर और प्रशंसनीय है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़कर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
AICC पर्यवेक्षक जयेंद्र रामोला ने कहा कि वह बरेली में जिला अध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त आवेदनों और संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से मिले सुझावों और उनके विचारों को संगठन निर्माण में महत्व दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बरेली में एक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा।
बैठक के आयोजक अजय शुक्ला ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से कांग्रेस संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। प्रदेश महासचिव, महानगर अध्यक्ष तथा मेयर प्रत्याशी के रूप में उन्होंने पार्टी की सेवा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति उनका समर्पण कभी कम नहीं हुआ। सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र में भी उन्होंने लगातार कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। चाहे इंडस्ट्री एसोसिएशन की बैठकें हों, सामाजिक गतिविधियां हों या उद्योग जगत से जुड़े कार्यक्रम, उन्होंने हमेशा कांग्रेस का झंडा बुलंद रखा है।
उन्होंने कहा कि संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और मजबूत संगठन के माध्यम से ही जनता के मुद्दों की प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता से कांग्रेस को बरेली में और मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक का संचालन महेश पंडित ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पश्चिमी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला, असलम चौधरी, पीरजादा, फिरोज खान, अफसार खान, अयान खान, तबेश, सादिक अंसारी, मुन्ना सभासद, फहीम खान, आबिद, मुस्ताक अंसारी, राजेश दीक्षित, लालू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















































































