सहसवान। कोतवाली पुलिस ने चार लोगों को लूट की योजना बनाते गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस को आरोपितों के पास से नाजायज तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद हुए। प्रभारी कोतवाल एसआई गंगा सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सरसोता रोड पर असलहों से लैस कुछ लोग डकैती व लूट की योजना बना रहे हैं। एसआई अशोक यादव, अर्जुन सिंह ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पकडे गए आरोपितों ने अपने नाम अर्जुन, करन निवासी रसूलपुर बेला टिन्कू, जोगेन्द्र निवासी गांव धापड थाना सहसवान बताए। पुलिस को आरोपितों के पास से दो नाजायज तमंचे 315, चार कारतूस और दो चाकू बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में कां जयदेव मलिक, आशीष कुमार शामिल रहे।