सहसवान। तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की ओर से वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पीएम को भेजा है। हादसा गुरुवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र में गांव सिलहरी के पास हुआ। भुवनेश कुमार पुत्र नेत्रपाल निवासी मेहुआ हसनगंज थाना रजपुरा जिला संभल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका भाई वीरेश कुमार एक बीज कंपनी में नौकरी करता है। गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह बाइक से सहसवान से घर वापस लौट रहा था। सिलहरी गांव के पास पीछे से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।