बदायूँ।।मदर एथीना स्कूल में ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष ‘हिंदी सप्ताह’ का समापन अत्यंत उत्साह, गरिमा और धूमधाम के साथ हुआ। सप्ताह भर चले विभिन्न भाषाई एवं साहित्यिक कार्यक्रमों की अंतिम कड़ी में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक एवं संदेशप्रद लघु नाटिकाओं का भव्य मंचन किया गया।समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता और उनका स्पष्ट उच्चारण रहा। कक्षा – 7 के चारों वर्गों के विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर आधारित लघु नाटिकाओं जिनमें ईदगाह, भामाशाह का त्याग, काबुलीवाला एवं डाकघर के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान बच्चों के संवाद अदायगी और आत्मविश्वास की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। पूरे सप्ताह के दौरान कविता वाचन, निबंध लेखन, नारा लेखन, पॉडकास्ट, भाषण जैसी कई प्रतियोगिताओं का भी सफल संचालन किया गया।विद्यालय की निदेशिका महोदया चयनिका सारस्वत जी ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए बताया कि भाषा किसी भी सभ्यता की पहचान एवं सबसे सशक्त अभिव्यक्ति होती है जो हमें अपनी संस्कृति और उससे जुड़ाव का बोध कराती है l आधुनिकता के इस दौर में हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है और हिंदी भाषा वही मज़बूत कड़ी है जो हमें अपनी संस्कृति से जोड़ती है। विद्यालय में आयोजित ‘हिंदी सप्ताह’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपनी मातृभाषा के प्रति प्रेम, गर्व और सही भाषा शैली का विकास करना है। जिस समर्पण के साथ बच्चों ने लघु नाटिकाओं और अन्य गतिविधियों में भाग लिया है, वह सराहनीय है।