सभापति एवं दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने उठाया ई-रिक्शा चालकों के उत्पीड़न का मुद्दा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रतिनिहित विधायन समिति की वर्ष 2025-26 की महत्वपूर्ण साक्ष्य बैठक मंगलवार को विधान भवन स्थित समिति कक्ष संख्या-44 ‘ख’ में समिति के सभापति एवं दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में परिवहन विभाग एवं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से संबंधित विभिन्न नियमों, कार्यप्रणाली तथा यातायात व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में सभापति राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ ने ई-रिक्शा चालकों के उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ई-रिक्शा चालकों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली अथवा दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालक समाज के गरीब एवं कमजोर वर्ग से आते हैं और मेहनत करके अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में यातायात नियमों के पालन के नाम पर उनका अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यातायात नियमों का पालन कराते समय मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए। साथ ही अवैध डग्गामारी और मनमानी वसूली पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, ताकि आम जनता एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सके।बैठक में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। सभापति ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं का भी संवेदनशीलता से समाधान किया जाए।बैठक में अपर परिवहन आयुक्त (राजस्व) डॉ. आरके विश्वकर्मा, उप परिवहन आयुक्त (यात्रीकर) केडी सिंह गौड़, अपर परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) मयंक ज्योति, अपर सचिव राज्य परिवहन प्राधिकरण अजय यादव, बदायूं के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह, प्रधान प्रबंधक (कार्मिक) अंकुर विकास, प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार तथा प्रधान प्रबंधक (पीएंडडी) दयाशंकर शाक्य सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के सदस्य विधायकगण उपस्थित रहे।
















































































