बरेली । भमोरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF यूनिट बरेली और थाना भमोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को 6 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात करीब 8:33 बजे इफको फैक्ट्री के मटेरियल गेट से पूर्व दिशा में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने विशाल पुत्र राजपाल सिंह निवासी ग्राम सिसौना, थाना विशारतगंज, जनपद बरेली को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UP25CF7896 भी कब्जे में ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने एक साथी के साथ अफीम बेचने का काम करता है। उसके अनुसार, साथी बरेली रेलवे स्टेशन पर झारखंड से आने वाले एक व्यक्ति से अफीम खरीदकर लाता था। इसके बाद दोनों उसे अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस आरोपी के इस कथित बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, ANTF यूनिट बरेली के उपनिरीक्षक विकास यादव मय टीम और कांस्टेबल चैतन्य प्रकाश शामिल रहे।