भोलाधाम गणेश पंडाल में 23वें गणेश महोत्सव में कथा को दिया गया विश्राम, हुआ व्यास पूजन
बदायूं। श्री गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में चल रहे 23वें विशाल गणेश महोत्सव में शुक्रवार को श्री गणेश महापुराण कथा को विश्राम दिया गया। कथा व्यास मनु प्रिया जी ने कहा कि भगवान की कथा अनंत है, इसलिए उसका समापन नहीं किया जा सकता। कथा को केवल विश्राम दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगले गणेश महोत्सव में श्रद्धालुओं को एक बार फिर श्री गणेश महापुराण की अनंत कथाओं का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
कथा विश्राम के अवसर पर कथा व्यास मनु प्रिया जी का विधि-विधान से व्यास पूजन किया गया। श्री गणेश सेवा मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपनी श्रद्धा के अनुसार फल, पुष्प, मुद्रा एवं अन्य भेंट अर्पित कर उनका पूजन किया। इस अवसर पर कथा व्यास ने सभी गणेश भक्तों को सुख, सौभाग्य और धन-धान्य की प्राप्ति का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि श्री गणेश सेवा मंडल के सभी सदस्य इसी प्रकार श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश महोत्सव मनाते रहें तथा भगवान गणेश की कृपा प्राप्त करते रहें।
राधा अष्टमी के पावन पर्व पर श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से भगवान को छप्पन भोग भी लगाया गया। इसका आयोजन युवा गणेश सेवा मंडल के सदस्यों द्वारा किया गया। वहीं पंडाल में युवा सदस्यों द्वारा प्रस्तुत डांडिया नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। डांडिया में समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जमकर आनंद उठाया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, सुनील वार्ष्णेय, संतोष गुप्ता, मनोज वैश्य, पंकज शर्मा, अवनेश साहू, नितेश वार्ष्णेय, केशवनाथ वैश्य, लक्ष्मी साहू, राहुल राठौर, मयुर साहू, मोहित साहू, अचल शर्मा, अभिषेक गुप्ता, शिवम गुप्ता, लव कुमार, शुभी गुप्ता, गुनगुन, कात्यायनी, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
संस्था के महामंत्री सुनील गुप्ता ने बताया कि 19 सितंबर को ब्रज के कलाकारों द्वारा रासलीला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बदायूं की धर्मप्रेमी जनता से कार्यक्रम में पहुंचकर रासलीला का आनंद लेने और आयोजन की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया।
















































































