बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदापुर में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार मेंहदी हसन और मिसाल द्वारा करीब 20 बीघा क्षेत्रफल में बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन कर बाउंड्रीवाल आदि का निर्माण कराया जा रहा था। बीडीए अधिकारियों के मुताबिक मौके पर अवैध कॉलोनी विकसित करने के लिए प्लॉटिंग का कार्य चल रहा था। प्राधिकरण की टीम ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और विकास कार्य को ध्वस्त कर दिया।प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी क्षेत्र में निर्माण या प्लॉटिंग कराने से पहले बरेली विकास प्राधिकरण से मानचित्र की स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।