दातागंज।हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फ़ाउंडेशन के तत्वावधान में “शिक्षा एवं रोजगार” विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, कौशल विकास, रोजगार के अवसरों तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक तैयारियों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की निदेशक डॉ. कृष्ण सिंह ने कहा कि शिक्षा आत्मनिर्भर एवं सशक्त भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ अपने कौशल का विकास करना चाहिए तथा बदलते समय के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी भी हासिल करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए माई भारत युवा पोर्टल की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों, गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर युवा लीडर अनूप सिंह यादव, निखिल सिंह चौहान एवं माणिक्य मौर्य ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति सजग रहने, जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।