बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने घर की छत से सोलर पैनल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो सोलर पैनल बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम बिहारीपुर निवासी राहुल ने 11 सितंबर को अज्ञात चोरों द्वारा घर की छत से दो सोलर पैनल चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुकदमा थाना अलीगंज में पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक हरिमुख सिंह, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल चमनलाल ने बिहारीपुर रोड स्थित शराब की हट्टी के पास से अजय (28) निवासी ग्राम पांडी और हंसराज (32) निवासी ग्राम बिहारीपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी के दोनों सोलर पैनल बरामद होने पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और लालच में आकर खाली घर की छत से सोलर पैनल चोरी कर कब्रिस्तान की झाड़ियों में छिपा दिए थे। मौका मिलने पर उन्हें बेचने की योजना थी, लेकिन उससे पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी हंसराज पर एनडीपीएस एक्ट का एक पुराना मुकदमा भी दर्ज है।