बरेली। शीशगढ़ थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी की गिरफ्तारी ग्राम मानपुर स्थित पुराने शिव मंदिर के पास से की गई। पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर थाना शीशगढ़ में हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बकाहा कालाआम निवासी वीरेश कुमार, उसके पिता रामनरेश, चाचा दिनेश और मां रामकली के खिलाफ दहेज में 10 लाख रुपये की मांग, प्रताड़ित करने, जान से मारने की धमकी देने तथा गर्भपात कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता ने बयान में बताया कि वह वीरेश कुमार को चार वर्षों से जानती थी और दोनों दिल्ली में साथ रहते थे। आरोप है कि वीरेश ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 69 भी बढ़ाई गई। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी वीरेश कुमार (21) को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।