बरेली। बाढ़ से उफनाई किला नदी में शनिवार दोपहर एक युवक ने पुल से छलांग लगा दी और तेज बहाव में बह गया। युवक की पहचान किला छावनी निवासी 27 वर्षीय राहुल राठौर के रूप में हुई है। सूचना पर किला पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल अपने बड़े भाई सचिन के साथ पुल के नीचे स्थित मिठाई की दुकान पर काम करता था। शनिवार करीब एक बजे वह नदी किनारे पहुंचा और कुछ देर तक टहलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसने अचानक उफनती नदी में छलांग लगा दी। कुछ दूर तक वह पानी में दिखाई दिया, लेकिन तेज बहाव उसे अपने साथ ले गया और वह ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण तलाश में काफी दिक्कतें आईं। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और युवक की तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे जुटे रहे।