बरेली। परसाखेड़ा दो नंबर रोड स्थित वाडीलाल आइसक्रीम फैक्ट्री के गोदाम में शनिवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठते धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने पर आसपास के लोग दहशत में आ गए और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) संजीव यादव ने स्वयं मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की कमान संभाली। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।