बदायूं। शहर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कचहरी विद्युत उपकेंद्र पर 5 एमबीए के स्थान पर 10 एमबीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। बुधवार को भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और व्यवस्थित होगी। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग तथा लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए जाने से इंद्राचौक, सिविल लाइंस, कृष्णापुरी, गांधी नगर, चित्रांश नगर और जालंधरी सराय सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अधिक क्षमता होने से बढ़ते विद्युत लोड को संभालने में भी विभाग को सहूलियत होगी। शुभारंभ कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता विकास शर्मा, उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार, अवर अभियंता रमेश कुमार मौर्य सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।