बदायूँ। अलापुर रोड स्थित जीलाॅट पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षक, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच कुर्सी दौड़, पासिंग द पार्सल, अंताक्षरी और गुब्बारा चुनौती सहित विभिन्न मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में भाषण, कविताएं, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन और योगदान की सराहना की। शिक्षक दिवस के अवसर पर कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं ने दोपहर के भोजन से पहले तक शिक्षकों की भूमिका निभाते हुए विभिन्न कक्षाओं में अध्यापन कार्य भी किया। इस दौरान छात्रा हिमांशी भारती ने प्रधानाचार्या की भूमिका निभाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति लता ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम योगदान देते हैं। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक रूप किशोर ने किया। विद्यालय निदेशिका सोनाली सचदेवा ने सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के सम्मान और धन्यवाद के साथ हुआ।