बरेली। खानकाह- ए- सकलैनिया शराफतिया में बुधवार को तृतीय वार्षिक एवं परंपरागत उर्स-ए-सकलैनी को लेकर प्रेस वार्ता हुई। अल्हाज सादकैन मियां की अध्यक्षता में हुई वार्ता में उर्स की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। दरगाह प्रवक्ता हमजा सकलैनी ने बताया कि उर्स 13 से 17 सितंबर तक होगा। आगाज 13 सितंबर को दोपहर तीन बजे जुलूसे परचम कुशाई से होगा। जुलूस दरगाह शरीफ से ब्रह्मपुरा, शाहबाद चौक, कोहाड़ापीर, नैनीताल रोड, कुतुबखाना और गली मनिहारान होते हुए वापस दरगाह पहुंचेगा। 14 सितंबर को तरही मुशायरा, 15 को तकरीरी कार्यक्रम और 16 सितंबर को उलमा-ए-किराम का तकरीरी एवं सूफी प्रवचन होगा। 17 सितंबर को सुबह 11 बजे कुल शरीफ के साथ समापन होगा। सह मीडिया प्रभारी आफताब सकलैनी ने बताया कि महाराष्ट्र और गुजरात से करीब 700 जायरीन 15 सितंबर को दादर एक्सप्रेस से बरेली पहुंचेंगे। जंक्शन पर स्वागत कैंप लगाया जाएगा। हाजी लतीफ सकलैनी ने बताया कि 10 सितंबर को बिशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान में करीब 40 जरूरतमंद जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। प्रशासन से सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था की मांग की गई है। जायरीन की सुविधा के लिए करीब 300 वालेंटियर्स लगाए जाएंगे।