बदायूँ। पंजाब केसरी के संस्थापक लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को रोटरी क्लब ऑफ बदायूं सेंट्रल की ओर से जिला अस्पताल बदायूं में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। एक रक्तदाता कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में योगदान देता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने पहुंचकर रक्तदान की प्रक्रिया की जानकारी ली और रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने भी शिविर का भ्रमण किया। रोटरी क्लब अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर अन्य सदस्यों को प्रेरित किया। शिविर में कुल 25 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस अवसर पर सचिव मुनेन्द्र कुमार सिंह एडवोकेट, सहायक मंडलाध्यक्ष विपिन अग्रवाल, दीपक सक्सेना, कुलदीप रस्तोगी, संजय रस्तोगी, आमोद चाणक्य, सुरेंद्र चाणक्य, अनिल गुप्ता ठेकेदार, मुकेश रस्तोगी, रीतेश गुप्ता, डॉ. शरद गुप्ता, संदीप रस्तोगी, नवनीत सक्सेना, विनोद गुप्ता, सलिल गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, गौरव माहेश्वरी, सौरभ वैश्य, राजीव भारतीय, देवेंद्र सिंह यादव, श्याम वार्ष्णेय और विकास गुप्ता सहित रोटेरियन एवं सहयोगी मौजूद रहे। रोटेरियन राहुल सक्सेना का विशेष योगदान रहा। संचालन सचिव मुनेन्द्र कुमार सिंह एडवोकेट ने किया। अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने सभी आगंतुकों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।