बदायूँ। श्री गणेश महोत्सव के आयोजन को लेकर बुधवार को भोला धाम में श्री गणेश कथा स्थल का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। पंडित हरिशंकर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, संयोजक सुनील वार्ष्णेय, महामंत्री सुनील गुप्ता, नितेश वार्ष्णेय, मनोज गुप्ता, मनोज वैश्य, संतोष गुप्ता, रामेश्वर दयाल, राहुल राठौर, अवनेश साहू, राहुल चौबे, दीपक सक्सेना, केशवनाथ वैश्य, अनिल साहू, अंकित गुप्ता, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे। शोभायात्रा प्रमुख नितेश वार्ष्णेय ने बताया कि 13 सितंबर को भगवान गणेश ब्राह्मण धर्मशाला में पधारेंगे। 14 सितंबर को पूजा-अर्चना के बाद सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकलेगी। इसमें कथा वाचक किशोरी मनु प्रिया जी रथ पर भगवान गणेश के साथ सवार होंगी। भजन-कीर्तन, काली अखाड़ा और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा भोला धाम पहुंचेगी। महामंत्री सुनील गुप्ता ने बताया कि 14 से 18 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 से रात 10 बजे तक श्री गणेश कथा होगी। संयोजक सुनील वार्ष्णेय के अनुसार 19 सितंबर को ब्रज कलाकारों द्वारा रासलीला का आयोजन किया जाएगा। 20 सितंबर को भोला धाम से विसर्जन यात्रा निकलेगी, जो टिकटगंज चौराहे से लालपुल तक पदयात्रा के बाद वाहनों से कछला जाएगी, जहां भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने दी।