बदायूँ। ‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल’ की भावना को चरितार्थ करते हुए मदर एथीना स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में ‘हिंदी सप्ताह’ का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए काव्य-पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्लेग्रुप से कक्षा छह तक के विद्यार्थियों ने सूरदास, कबीर, रहीम, मीरा, रैदास और रसखान आदि महान कवियों की वेशभूषा धारण कर उनकी रचनाओं का प्रभावी काव्य-पाठ किया। वहीं कक्षा सात एवं आठ के विद्यार्थियों ने बदायूँ के प्रसिद्ध राष्ट्रीय गीतकार उर्मिलेश शंखधार की रचनाओं का पाठ कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर साहित्यिक चेतना और देशप्रेम के भाव से सराबोर हो उठा। विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने कहा कि हिंदी केवल मातृभाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, संवेदना और राष्ट्रीय स्वाभिमान की आत्मा है। उन्होंने कहा कि काव्य हृदय के भावों को प्रभावी ढंग से दूसरों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। तकनीकी युग में विद्यार्थियों का हिंदी साहित्य के प्रति जुड़ाव उत्साहवर्धक है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिंदी सप्ताह विद्यार्थियों में भाषा के प्रति सम्मान, गर्व और मौलिक सोच को नई दिशा देगा।