भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना,दो लाख का चेक सौंपा
बदायूं। बागपत में पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बदायूं के 13 लोगों की मौत से पूरे जिले में शोक का माहौल है। हादसे में बदायूं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसलपुर पुठी निवासी मुनीम की भी असमय मृत्यु हो गई। उनके निधन की सूचना पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अचानक किसी अपने को खो देने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मुनीम का असमय निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह स्वयं और पूरी भारतीय जनता पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक ने कहा कि सरकार का सहयोग केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को यह भरोसा दिलाना भी है कि वे अकेले नहीं हैं। प्रदेश में किसी भी बड़ी दुर्घटना या दुखद घटना पर मुख्यमंत्री तत्काल संज्ञान लेकर पीड़ितों और उनके परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करते हैं।
उन्होंने कहा कि मुनीम का चले जाना परिवार के लिए कभी न भरने वाला घाव है। इस दुःख की घड़ी में सभी लोग शोकाकुल परिवार के साथ हैं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल पटेल, मंडल अध्यक्ष रामचरन पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील यादव, हेमंत मिश्रा, आदेश शर्मा, रामसेवक यादव, कृष्ण पाल यादव, विशाल यादव, सतीश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















































































