दातागंज (बदायूं)। भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने बुधवार को विकास खंड म्याऊं के बाढ़ प्रभावित ग्राम चकवा का प्रशासनिक एवं बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने मौके पर नदी के जलस्तर और संवेदनशील स्थानों पर हो रहे कटान की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद रहें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो। विधायक राजीव कुमार सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक एहतियाती उपायों की जानकारी भी दी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि दिन हो या आधी रात, वह अपनी जनता के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड बदायूं के अधिशासी अभियंता, एसडीएम दातागंज, विकास खंड म्याऊं के संबंधित अवर अभियंता, राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।