शिक्षक दिवस पर शांतिकुंज पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिक्षकों का हुआ भव्य सम्मान
बरेली। दूरदर्शन केंद्र के सामने लाल फाटक स्थित शांतिकुंज पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्राओं ने अपने शिक्षकों का रोली-अक्षत का तिलक लगाकर, विशेष बैज पहनाकर और पुष्प अर्पित कर सम्मान किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राधिका चंद ने महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध का प्रसंग सुनाते हुए गुरु द्रोण और भगवान श्रीकृष्ण के संवाद के माध्यम से शिक्षकों को संदेश दिया कि केवल ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उस ज्ञान का उपयोग सत्य और धर्म के पक्ष में करना भी शिक्षक का सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अन्याय के विरुद्ध मौन रहना ज्ञानी का सबसे बड़ा पतन है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए बैलून गेम, कैटवॉक, कलर गेम, वन मिनट, सिंगिंग, डांस और एक्टिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। बैलून गेम में साक्षी गोस्वामी, कैटवॉक में बबीता, कलर गेम में पुष्पांजलि विजेता रहीं। सिंगिंग में दीक्षा संख्यधर, अजय कुमार और रंजीत कुमार ने शानदार प्रस्तुति दी, जबकि डांस में शुची और प्राची तथा एक्टिंग में अवधेश यादव ने खूब तालियां बटोरीं।
विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाट्य प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में आराधना, सानिया, अलीशा नूरी, रोशनी, प्रियांशी, कनक, तनिष्का, रिया नाज, शिवानी, परी, आलिया, साक्षी, गुनगुन, नैंसी, वंशिका, आरुषि, आरोही, अंशु श्रीवास्तव, रेनू बरकाती, रश्मि, अनुराधा शर्मा, मनीषा कश्यप, जैस्मिन, अलशिफा, अंशु राजपूत, काव्या और दर्शिका सहित अनेक छात्राओं ने भाग लिया।
विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, धैर्य और समर्पण से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के साथ बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को पुष्पगुच्छ और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कक्षा 11 की छात्राओं जया और स्वाति ने संयुक्त रूप से किया। सफल संचालन के लिए विद्यालय प्रबंधन ने दोनों छात्राओं को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
















































































