बरेली। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, बरेली के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर गंगा त्रिवेणी कॉलोनी स्थित सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव कुमार अवस्थी ने की, जबकि संचालन महानगर महामंत्री प्रखर पाठक ने किया। समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता कुरेंद्र नाथ पाठक और प्रकाश पाठक को फूल-माला, उत्तरीय, स्मृति चिन्ह और सम्मान पटका भेंट कर “गतिशील शिक्षक” की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी, महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला और जिलाध्यक्ष संजीव कुमार अवस्थी ने प्रदान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने आह्वान किया कि शिष्य अपने शिष्यत्व और शिक्षक अपने शिक्षकत्व को सदैव जीवंत बनाए रखें। कार्यक्रम में हरिओम गौतम, महेश पंडित, प्रमोद मिश्रा, दिनेश पांडे, राकेश मिश्रा, डॉ. धनपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।