बरेली। जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि बाढ़ से बचाव और राहत कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पल-पल की जानकारी जुटाई जा रही है। जिलाधिकारी ने बरेली की जनता से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या अफवाह वाली खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह से घबराने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डीएम ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। प्रशासन की टीमें लगातार मौके की स्थिति का जायजा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ या जलभराव की कोई आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो उससे निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।