बदायूँ। श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल, बदायूँ में महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षक दिवस विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करने का अवसर है। शिक्षक अपने कठिन परिश्रम, लगन एवं समर्पण से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके ज्ञान, कौशल एवं विभिन्न योग्यताओं का विकास करते हैं। शिक्षकों द्वारा विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण कार्य को रोचक एवं प्रभावशाली बनाया जाता है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत, लगन और समर्पण के कारण ही विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इस अवसर पर प्रबंधक समिति एवं प्रधानाचार्य की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई। साथ ही विश्वास व्यक्त किया गया कि शिक्षक इसी प्रकार समर्पण के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा विद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।