बरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। थाना शीशगढ़ के सराय गांव में नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप छू गया। इससे पूरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक 27 वर्षीय वीरेंद्र कुमार पुत्र सोमपाल गांव सराय, 12 वर्षीय दीप राठौर पुत्र वीरपाल सराय निवासी की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक विपिन गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार रात करीब आठ बजे गांव में जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गई थीं। इसी दौरान एक ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप रास्ते में झूल रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। तेज धमाके के साथ ट्रॉली में करंट फैल गया। इससे शोभायात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में टैक्टर ट्राली चालक वीरेंद्र और दीप राठौर गांव सराय निवासी की मौके पर मौत हो गई। घायल विपिन को उपचार के लिए बरेली भेजा गया। सूचना पर एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र और सीओ डॉ. अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। पूर्व प्रधान तिरमोहन सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन नीचे झूलने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।