बरेली। एएनटीएफ यूनिट बरेली और थाना मीरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जब्बार खां पुत्र छिद्दन खां, निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना फरीदपुर, जिला बरेली के रूप में हुई है। गिरफ्तारी 4 सितंबर 2026 को थाना मीरगंज क्षेत्र के परौरा कट स्थित रेबिल हॉस्पिटल के सामने से की गई। इस मामले में थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर देहरादून में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी इस खेप को देहरादून ले जाने की तैयारी में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एएनटीएफ ने बताया कि गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं और पूरे नेटवर्क का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।