लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, नन्हे कान्हाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बदायूँ। लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की शानदार झलक प्रस्तुत की। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर विद्यालय परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की छटा देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं बाल गोपाल के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कान्हा जन्म, माखन चोरी, कालिया नाग दमन, गोवर्धन पर्वत धारण, राधा-कृष्ण रास सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा दही-हांडी और डांडिया की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों की वेशभूषा, अभिनय, नृत्य और प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन वेदव्रत त्रिवेदी, वाइस चेयरमैन तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका छवि शर्मा एवं रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक देवव्रत त्रिवेदी तथा प्रधानाचार्य दीपक त्यागी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
चेयरमैन वेदव्रत त्रिवेदी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रत्येक व्यक्ति को श्रेष्ठ कर्म करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का संदेश विद्यार्थियों के लिए सफलता, अनुशासन और चरित्र निर्माण का महत्वपूर्ण मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक पर्वों से जुड़े ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का विकास करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
















































































