एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में अंतरसदनीय खो-खो टूर्नामेंट का फाइनल मैच हुआ,विजेता पुरस्कृत
उझानी। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में अंतरसदनीय खो-खो प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों का आयोजन उत्साह और रोमांच के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि जागृत करने के साथ ही उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों रेड, येल्लो, ग्रीन और ब्लू हाउस की जूनियर एवं सीनियर टीमों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि केवल सपने देखने से सफलता हासिल नहीं होती, बल्कि सफलता के लिए मेहनत, संयम और समर्पण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीखने, आगे बढ़ने और आपसी मित्रता मजबूत करने का अवसर भी है।
प्रतियोगिता में जूनियर गर्ल्स वर्ग के फाइनल में ग्रीन हाउस ने ब्लू हाउस को 13-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया। जूनियर बॉयज वर्ग में ब्लू हाउस ने रेड हाउस को 10-9 से हराया। सीनियर गर्ल्स वर्ग में ग्रीन हाउस ने येल्लो हाउस को 9-8 से पराजित कर जीत दर्ज की, जबकि सीनियर बॉयज वर्ग में येल्लो हाउस ने ब्लू हाउस को 15-14 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट एवं उपप्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा और खेल भावना देखने को मिली।
प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं सफल संचालन में विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका लवनीश साह और श्री नक्की अहमद ने निभाई। अंत में विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
















































































