बदायूं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) तथा ऑनलाइन माध्यम से संचालित सर्टिफिकेट कोर्स के अतिरिक्त शेष सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितम्बर, 2026 कर दी है। साथ ही पहले से कोर्स कर रहे लर्नर्स का नये सत्र में पुनः पंजीकरण के लिए भी 15 सितम्बर अंतिम तिथि घोषित की गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर एडमिशन एवं पुनर्पंजीकरण कर सकते हैं। यह जानकारी इग्नू अध्ययन केंद्र 47043, राजकीय महाविद्यालय, बदायूं के समन्वयक डॉ. संजीव राठौर ने दी। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी विभिन्न कारणों से प्रवेश या पुनर्पंजीकरण से वंचित रह गए थे, उनके लिए यह अंतिम अवसर है। उन्होंने कहा कि स्नातक , स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल ignouadmission.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। समन्वयक ने बताया कि अध्ययन केंद्र 47043 पर प्रवेश संबंधी काउंसलिंग एवं सहायता भी उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी राजकीय महाविद्यालय, बदायूं स्थित इग्नू केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।