बरेली। थाना हाफिजगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1.149 किलोग्राम अवैध गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त ₹3,400 नकद के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को थाना हाफिजगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम हरहरपुर मटकली रोड से नौआ नगला स्थित एक बंद पड़े नलकूप पर छापेमारी की। वहां से परमेश्वरी (55) पुत्र लीलाधर, निवासी ग्राम हरहरपुर मटकली, थाना हाफिजगंज को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.149 किलोग्राम अवैध गांजा और ₹3,400 नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना हाफिजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कम कीमत पर गांजा खरीदकर छोटी-छोटी पुड़ियों में 25 से 30 रुपये में बेचता था और इसी से परिवार का खर्च चलाता था। उसने यह भी बताया कि बरामद नकदी गांजा बेचकर प्राप्त हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।