शिक्षकों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बीएसए से की वार्ता
बदायूँ। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बदायूं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं वित्त एवं लेखा अधिकारी मुनीष श्रीवास्तव से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के चयन वेतनमान, सेवा पुस्तिकाओं के अद्यतन एवं सत्यापन, लंबित एरियर तथा एमडीएम से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 15 हजार भर्ती के शिक्षकों का जुलाई माह से चयन वेतनमान लंबित है। दो माह बीतने के बाद भी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से पत्रावलियां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को प्रेषित नहीं की गई हैं। इसका मुख्य कारण कई शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का अपूर्ण होना और सेवा सत्यापन नहीं किया जाना बताया गया।
महासंघ ने कुछ ब्लॉकों में शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं अद्यतन न किए जाने और सेवा सत्यापन नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा पुस्तिका को अद्यतन एवं सेवा सत्यापित करना नियमित और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके अभाव में चयन वेतनमान की पत्रावलियां आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। उन्होंने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और पटल सहायकों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में इन कार्यों के लिए पटल सहायक तैनात हैं, इसके बावजूद कई स्थानों पर शिक्षकों से ही कार्यालय संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। महासंघ ने शिक्षकों से यह कार्य हटाकर पटल सहायकों के माध्यम से कराने का अनुरोध किया।
इसके अलावा कई विद्यालयों में एमडीएम का राशन नहीं पहुंचने, बाउंस हुए रसोइयों के भुगतान को दोबारा भेजने तथा जुलाई और अगस्त माह के भुगतान से संबंधित समस्याओं पर भी वार्ता हुई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
इसके बाद महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखा अधिकारी मुनीष श्रीवास्तव से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने बताया कि चयन वेतनमान एरियर, वेतन एरियर और एक दिवसीय वेतन कटौती एरियर कई महीनों से लंबित हैं। इनका भुगतान कराने की मांग की गई। साथ ही बीएसए कार्यालय से निस्तारित होने के बाद लेखा निर्धारण के लिए लंबित चयन वेतनमान प्रकरणों को भी शीघ्र निस्तारित करने का अनुरोध किया गया।
वित्त एवं लेखा अधिकारी ने दोनों समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए बताया कि 10 से 15 दिनों के भीतर लंबित समस्याओं का निस्तारण कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार, जिला सह संयोजिका सोनी गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष जगत आदेश कुमार, ब्लॉक मंत्री विपिन कुमार, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मयंक शर्मा, उझानी ब्लॉक मंत्री प्रशांत कुमार, ब्लॉक संगठन मंत्री लखेंद्र सिंह राठौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
















































































