बरेली। थाना अलीगंज क्षेत्र की एक महिला ने बलात्कार और उत्पीड़न के मामले में एसएसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की पुनर्विवेचना कराने की मांग की है। पीड़िता महिला ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 20 जून को दर्ज मुकदमे में गंभीर धाराएं हटाकर आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। पीड़िता का कहना है कि उसके देवर ने बलात्कार और ससुरालीजनों ने मारपीट और जान से मारने की कोशिश की। मामले में उसका बयान मजिस्ट्रेट और पुलिस के समक्ष दर्ज हो चुका है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। महिला ने आरोप लगाया कि विवेचक ने जांच के दौरान दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराएं हटाकर चार्जशीट हल्की धाराओं में भेज दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि जांच प्रभावित की गई और आरोपियों से मिलीभगत की गई। पीड़िता ने एसएसपी से किसी अन्य अधिकारी से निष्पक्ष पुनर्विवेचना कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।