बरेली। आंवला थाना पुलिस ने शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 11 पीतल के घंटे, 870 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को ग्राम बीहट निवासी घलेन्द्र ने शिव मंदिर से लगभग 51 किलो का बड़ा घंटा, 20 छोटे घंटे, पीतल की मूर्तियां और दानपात्र में रखी नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में थाना आंवला पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामनगर रोड स्थित मऊचंदपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान मुकेश (48) निवासी हरदासपुर, थाना सिरौली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास प्लास्टिक के थैले में चोरी के 11 घंटे और 870 रुपये मिले। बरामदगी के बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी मौज्जिम पुत्र असफाक के साथ करीब 13-14 दिन पहले रात में ग्राम बीहट स्थित शिव मंदिर में चोरी की थी। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है। आरोपी के खिलाफ पहले से आबकारी और हत्या सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।