बरेली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की दिल्ली में प्रस्तावित रैली में शामिल होने जा रहे बरेली के कार्यकर्ताओं को सोमवार को पुलिस ने रोक दिया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने दो अलग-अलग जत्थों को रेलवे स्टेशन पहुंचने से रोक दिया। सीपीआई के जिला सचिव सतीश सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें उनके घर पर ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया, जिससे वे रैली के लिए रवाना नहीं हो सके। वहीं दूसरा जत्था राजेश तिवारी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन के लिए निकला था, लेकिन पुलिस ने स्टेशन पर उन्हें रोक दिया। पार्टी नेताओं के अनुसार कुछ देर बाद राजेश तिवारी अपने साथियों के साथ वापस अपने चेंबर लौट आए। उनका कहना है कि पुलिस दिल्ली जाने की अनुमति नहीं दे रही है। सीपीआई ने पुलिस की इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए विरोध जताया है। वहीं पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।