बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी बाबू उर्फ रोहित को सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को वंशीनगला निवासी गुड़िया देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, रोहित की मां और आशीष मौर्य ने उसके पति सचिन कश्यप के साथ मारपीट की। आरोप है कि बाबू उर्फ रोहित ने सचिन के सीने पर चाकू से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस मामले में थाना सुभाषनगर में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही आशीष मौर्य को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर से सराय तलफी रोड की ओर जा रहा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और अवैध शस्त्र बरामदगी का अलग मुकदमा भी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।