बरेली। समाजवादी पार्टी के बरेली-मुरादाबाद मंडल शिक्षक एमएलसी चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना एवं ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने मंगलवार को बरेली के मझगवां ब्लॉक में बूथ प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने बूथ प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र शिक्षकों के वोट बनवाने के लिए आवश्यक फार्म भरवाने का कार्य तेज करें और अधिक से अधिक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव की सफलता के लिए बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी और मतदाताओं से निरंतर संवाद बेहद जरूरी है। बैठक में बूथ प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए मतदाता सूची को मजबूत करने, नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने तथा शिक्षक मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और प्रत्याशी के पक्ष को पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर जीराज सिंह यादव, सत्येन्द्र सिंह, इंदरपाल सागर, विश्वास लोधी, रमेश यादव, दानिश अज़हर एवं मोहकम सिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में बूथ प्रभारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।