बरेली। थाना विशारतगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 473 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 30 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी से अलीगंज से विशारतगंज की ओर अफीम लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मधुसूदन फैक्ट्री के पास घेराबंदी कर भगवानदास पुत्र देशराज, निवासी ग्राम पटपरागंज, थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 473 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस मामले में थाना विशारतगंज पर मुकदमा दर्ज किया गया । पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों पर अफीम खरीदकर अन्य स्थानों पर महंगे दामों में बेचता था और उससे होने वाली कमाई से परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।