बरेली। भाजपा ओबीसी मोर्चा, मढ़ीनाथ मंडल के मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की हत्या के मामले में कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग को लेकर हिंदुस्तानी पसमांदा मंच ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन जिला अध्यक्ष शारिक अब्बासी के नेतृत्व में दिया गया। शारिक अब्बासी ने कहा कि सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिन कश्यप अपने क्षेत्र में कथित असामाजिक गतिविधियों, शराबखोरी और जुए का विरोध करते थे, जिसके चलते कुछ लोगों से उनकी रंजिश हो गई थी। उन्होंने पुलिस से इस पहलू की निष्पक्ष और गहन जांच कर हत्या के पीछे की वास्तविक वजह उजागर करने की मांग की। ज्ञापन में मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पत्नी को सरकारी नौकरी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन के दौरान मोहम्मद शकील , नूरुउद्दीन, मोहम्मद हसीब , साजिद बेग , फुरकान , आलम आदि मौजूद थे।