बदायूं। सहसवान में सीएचसी के बाहर एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की मौत को लेकर उसके भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की है। भाई का कहना है कि उसकी बहन की मौत रोड एक्सीडेंट में नहीं हुई, बल्कि उसे साजिश के तहत मारा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मुहम्मदपुर मई निवासी सतीश चंद्र की पुत्री अर्चना की शादी करीब सात साल पहले सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव मालपुर ततेरा निवासी शिवओम के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। अर्चना के दो बच्चे हैं, जिनमें करीब पांच साल का बेटा और दो साल की बेटी है। मृतका के भाई राहुल ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी बहन के साथ लड़ाई-झगड़ा होता चला आ रहा था। भाई का दावा है कि उसकी बहन का रोड एक्सीडेंट नहीं हुआ, बल्कि उसकी साजिश के तहत हत्या की गई है। उसने यह भी आरोप लगाया कि महिला की मौत के बाद अस्पताल पहुंची उसकी सास ने उसके जेवर उतार लिए। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची सहसवान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वाइट : राहुल, मृतक महिला का भाई