बदायूं। मुसाझाग थाना क्षेत्र के गांव फरीदापुर साहनी निवासी 45 वर्षीय मुकेश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव गुलरिया भट्टे के पास स्थित सरकारी ट्यूबवेल के निकट नीम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, मुकेश शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर रात करीब 12 बजे तक खोजबीन की, लेकिन मुकेश का कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह गुलरिया भट्टे पर रहने वाले मजदूरों ने सरकारी ट्यूबवेल के पास नीम के पेड़ पर मुकेश का शव लटका देखा। मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना परिवार वालों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मुसाझाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के पिता निहाल सिंह ने बताया कि मुकेश को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर सुबह से शाम तक शराब का सेवन करता था। मुकेश के पांच बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।