बरेली । फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा निवासी धर्मवीर उर्फ कल्लू गंगवार (40) की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों ने ठेकेदार समेत अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार धर्मवीर दिल्ली में एक ठेकेदार के पास राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार को कांवड़ चढ़ाने के बाद मंगलवार को वह दिल्ली काम पर लौट गए थे। बताया गया कि गुरुवार रात वह निर्माणाधीन इमारत की छत पर अन्य मजदूरों के साथ थे। शुक्रवार सुबह उनका शव पड़ोस की छत पर मुंह के बल पड़ा मिला। सूचना मिलने पर दिल्ली के मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भाई तुलसी गंगवार ने आरोप लगाया कि धर्मवीर की हत्या कर शव छत पर फेंका गया। हालांकि अभी तक परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी है। शनिवार को गांव पहुंचे ठेकेदार और परिजनों के बीच इस मामले को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। दिल्ली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने दसवां संस्कार के बाद दिल्ली जाकर ठेकेदार और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराने की बात कही है। वहीं, स्थानीय सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच समझौते की भी चर्चा है।