दातागंज ।विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दातागंज निवासी राजेश कोइरी के असामयिक निधन की सूचना पर विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राजेश कोइरी का आपसी विवाद के बाद हृदय गति रुकने से निधन होने की बात सामने आई है। विधायक ने दिवंगत की माता और अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव सामाजिक एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी दातागंज, ग्राम पंचायत सचिव और क्षेत्रीय लेखपाल से कहा कि पीड़ित परिवार को बिना विलंब आवासीय पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को पक्का आवास दिलाने के लिए विधिक प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ परिवार तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इस दौरान उपजिलाधिकारी दातागंज, ग्राम पंचायत सचिव, क्षेत्रीय लेखपाल, संबंधित प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।