राष्ट्रीय मंच पर एपीएस इंटरनेशनल स्कूल की स्वर्णिम चमक, देश के शीर्ष चार विद्यालयों में मिला स्थान
उझानी।। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करते हुए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए देशभर से चयनित मात्र चार प्रमुख विद्यालयों में एपीएस इंटरनेशनल स्कूल को शामिल किया गया। यह उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ पूरे बदायूं जिले के लिए गौरव और सम्मान का विषय बनी है।
28 अगस्त 2026 को नई दिल्ली कैंट में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में एपीएस इंटरनेशनल स्कूल के शिष्टमंडल ने सहभागिता की। समारोह में विद्यालय की छात्राओं स्वर्णकर्णिका यादव, इशी गुप्ता, अरुंधति राधाकृष्णन और आज्ञा गुप्ता ने सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि सहित अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। सैन्य अधिकारियों ने भी छात्राओं और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त की। कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिभागियों के लिए भव्य दोपहर भोज का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद भी हुआ। सीडीएस जनरल सुब्रमणि ने जब विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा तो एपीएस इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ कहा कि वे भविष्य में भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश की रक्षा एवं सेवा करना चाहती हैं। छात्राओं के इस संकल्प की सीडीएस ने सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य रविंदर भट्ट, उप-प्रधानाचार्या मीनाक्षी शर्मा, एएनओ एनसीसी राजीव कुमार तथा पीजीटी फाइन आर्ट्स रचना यादव ने प्रतिनिधित्व किया। प्रधानाचार्य रविंदर भट्ट एवं उप-प्रधानाचार्या मीनाक्षी शर्मा ने एपीएस इंटरनेशनल स्कूल को इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनाने के लिए सीडीएस एवं भारतीय सेना का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय की प्रबंध समिति ने भी इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी। चेयरमैन विमल कृष्णा अग्रवाल, चेयरपर्सन पूनम अग्रवाल, निदेशक निलांशु अग्रवाल एवं निदेशक नंदिता अग्रवाल ने कहा कि एपीएस इंटरनेशनल स्कूल सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं प्रतिष्ठित मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों में देशभक्ति, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। विद्यालय की ओर से भविष्य में भी विद्यार्थियों को इस प्रकार के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
















































































