बरेली। बरेली क्लब मैदान में पार्थ गौतम फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में हुई कथित अव्यवस्था, एक महिला की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिला महामंत्री सोनू ठाकुर ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि 27 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की भगदड़ की हुई , जिसमें कई महिलाएं बेहोश और घायल हुईं तथा एक महिला की मृत्यु हो गई। पार्टी ने कार्यक्रम की अनुमति, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। सोनू ठाकुर ने मांग की कि कार्यक्रम के लिए ली गई सभी अनुमतियां सार्वजनिक की जाएं और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ हो तो आयोजकों व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में मृतका की मृत्यु की परिस्थितियों, पोस्टमार्टम न होने के कारणों, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड और इमरजेंसी रजिस्टर की जांच कराने की भी मांग की गई। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने कार्यक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा घायल लोगों के बयान दर्ज कर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।