बरेली। नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत आदीनाथ चौक के निकट करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में जटायु के साहस, धैर्य और त्याग से प्रेरित एक अनूठे जटायु उद्यान का निर्माण किया जाएगा। यह उद्यान मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित होगा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘मिशन शक्ति’ अभियान को नया आयाम देगा। बरेली विकास प्राधिकरण की इस परिकल्पना में जटायु के उस बलिदान को केंद्र में रखा गया है, जब उन्होंने माता सीता की रक्षा के लिए रावण से युद्ध करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। इसी संदेश को आधुनिक समाज से जोड़ते हुए उद्यान को नारी सम्मान और सुरक्षा की प्रेरणा देने वाले सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उद्यान में संकल्प प्रांगण बनाया जाएगा, जहां नागरिक नारी सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेंगे। रक्षाबंधन पर यहां विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जटायु के बलिदान को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा स्वागत प्रांगण, शक्ति पथ, शक्ति रंगमंच, वीरांगना चौक और वीरांगना उद्यान जैसी विशेष थीम आधारित संरचनाएं विकसित होंगी। उद्यान का मुख्य आकर्षण विशाल जटायु प्रतिमा होगी। इसके साथ फव्वारे, जल तत्व, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और कलात्मक स्थापनाएं परिसर को विशेष पहचान देंगी। बच्चों के खेल क्षेत्र, भोजन प्रांगण और विश्राम स्थल भी विकसित किए जाएंगे। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय (आईएएस) ने कहा कि जटायु उद्यान का उद्देश्य नारी सम्मान और सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि यह नाथ नगरी बरेली की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान का एक प्रेरणादायी केंद्र बन सके।