दातागंज। विकास खंड म्याऊं के बाढ़ प्रभावित ग्राम सिमरिया दैन्दू में शुक्रवार को राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पहुंचकर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री के पैकेट वितरित किए। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने राहत महसूस की। वितरित की गई राहत किट में आटा, चावल, दाल, तेल, आलू, तिरपाल और बाल्टी समेत दैनिक उपयोग में आने वाली अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। विधायक ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों की सेवा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राशन, दवा और अन्य जरूरी सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। विधायक ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव और कटान से हुए नुकसान का पारदर्शी ढंग से सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी दातागंज, क्षेत्राधिकारी दातागंज, संबंधित लेखपाल, कानूनगो सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।