बरेली। थाना आंवला पुलिस ने युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को पीड़िता की तहरीर पर थाना आंवला में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि ग्राम मऊचंदपुर निवासी सत्यम पुत्र कल्लू यादव ने विवाह का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराया गया। साथ ही आरोपी के सहयोगियों भोले और जवाहर ने कथित रूप से छलपूर्वक नोटरीशुदा समझौते पर हस्ताक्षर कराए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम मऊचंदपुर स्थित उसके घर पर छापा मारकर 28 वर्षीय सत्यम पुत्र कल्लू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, कांस्टेबल अमरेश कुमार और आरक्षी धर्मेंद्र गौतम शामिल रहे।