बदायूँ में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज: डीएम अवनीश राय ने दातागंज से शाहजहांपुर बॉर्डर तक किया स्थलीय निरीक्षण
बदायूँ।कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को दातागंज से शाहजहांपुर बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि शिवभक्त कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास में 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टर एवं जोन में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र में मजिस्ट्रेट एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। साथ ही पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ शिविरों के संचालन के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है तथा उनके संचालन हेतु निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 30 जुलाई 2026 से प्रत्येक शुक्रवार सायं 8:00 बजे से सोमवार सायं 5:00 बजे तक रूट डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी, जिसे प्रशासन पूरी सख्ती के साथ लागू कराएगा ताकि यातायात सुचारु बना रहे और कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित ढंग से हो सके।निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।















































































